अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट से टैरिफ को गैर-कानूनी बताकर खारिज किए जाने बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नई धमकी दी है। ट्रंप ने कहा है कि कोई भी देश, जो गेम खेलना चाहते हैं, उन्हें ‘बहुत ज्यादा टैरिफ और उससे भी बुरा’ झेलना पड़ सकता है। अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट ने बीते शुक्रवार को 6-3 से फैसला सुनाया था, जिसमें उसने कहा दुनिया भर के देशों पर टैरिफ लगाने में राष्ट्रपति ट्रंप ने कानूनी शक्तियों का गलत इस्तेमाल किया है। ट्रंप ने इस फैसले के लिए जजों की आलोचना की थी औऱ कुछ ही घंटों बाद 10% ग्लोबल टैरिफ लगाने वाले एग्जीक्यूटिव ऑर्डर पर साइन किए थे।
अगले ही दिन उन्होंने ग्लोबल टैरिफ को 10 से बढ़ाकर 15% करने की घोषणा की। अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट से टैरिफ खारिज होने के बाद यूरोपीय यूनियन और ब्रिटेन जैसे सहयोगी अमेरिका के साथ ट्रेड डील को लेकर नए सिरे से विचार कर रहे हैं। भारत की भी अमेरिका के साथ ट्रेड डील फाइनल करने को लेकर बैठक होने वाली थी, जिसे टाल दिया गया है। इस बीच ट्रंप ने फिर से टैरिफ की धमकी दी है।
अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में ट्रंप ने लिखा, ‘कोई भी देश जो सुप्रीम कोर्ट के इस अजीब फैसले के साथ गेम खेलना चाहता है, खासकर वे देश जिन्होंने सालों और दशकों तक अमेरिका को धोखा दिया है, उन्हें उससे कहीं ज्यादा टैरिफ मिलेगा और उससे भी बुरा, जिस पर वे हाल ही में सहमत हुए हैं।
ट्रंप ने एक और पोस्ट में कहा, राष्ट्रपति के तौर पर मुझे टैरिफ की मंजूरी लेने के लिए कांग्रेस के पास वापस जाने की जरूरत नहीं है। यह कई तरह से बहुत पहले ही मिल चुका है। इसे सुप्रीम कोर्ट के अजीब और खराब तरीके से बनाए गए फैसले से भी कन्फर्म किया गया।
ट्रंप ने यह बात तब कही है जब सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भारत-अमेरिका ट्रेड वार्ता रोक दी गई है। यह सोमवार को वॉशिंगटन शुरू होने वाली थी। वार्ताकारों ने इस सप्ताह प्रस्तावित ट्रेड एग्रीमेंट को कानूनी रूप देने की योजना बनाई थी। भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम ट्रेड डील के फ्रेमवर्क पर सहमति बनी थी, लेकिन समझौते पर अभी हस्ताक्षर नहीं हुए हैं। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के ठीक बाद ट्रंप ने कहा था कि भारत-अमेरिका डील के बारे में कुछ भी नहीं बदला है।सम्पादकीय-News51.in
